साहित्य

  • जन की बात न दबेगी, न छिपेगी, अब छपेगी, लोकतंत्र के सच्चे सिपाही बनिए अपने लिए नहीं, अपने आने वाले कल के लिए, आपका अपना भविष्य जहाँ गर्व से कह सके आप थे तो हम हैं।
  • लखीमपुर-खीरी उ०प्र०

Tuesday, October 19, 2021

बहुत कुछ सोचने के लिए विवश करती है लघु फ़िल्म कबाड़ी-डॉ.शैलेष गुप्त 'वीर'


सुरेश सौरभ की लघुकथा कबाड़ी पर बनी लघु फ़िल्म। शिव सिंह सागर ने किया है इस लघु फ़िल्म का निर्देशन
जिस प्रकार वर्तमान में साहित्य में लघु विधाएँ बहुत तेज़ी से लोकप्रिय हो रही हैं, ठीक उसी प्रकार लघु फ़िल्में भी दर्शकों को बहुत रास आ रही हैं। छोटी-छोटी कहानियाँ और लघुकथाओं पर बनी ये फ़िल्में समाज में एक सार्थक संदेश छोड़कर जाती हैं और बहुत कुछ सोचने के लिए विवश करती हैं। यदि कम में अधिक बात हो जाये, तो फिर विस्तार की क्या आवश्यकता है और यही साबित कर रही हैं लघु विधाएँ और लघु फ़िल्में। 

लखीमपुर के चर्चित लघुकथाकार सुरेश सौरभ की लघुकथा #कबाड़ी पर बनी लघु फ़िल्म #कबाड़ी यही साबित करती है। तेज़ी से बदल रहे परिवेश में मूल्य और संस्कार कहीं खोते जा रहे हैं। यहाँ तक कि विरासत भी आज के मनुष्य को बोझ लगने लगी है। वह वही विरासत सँभालना चाहता है, जिसका आर्थिक मूल्य हो। पैसे की ताक़त के आगे सारी चीज़ें गौड़ हो गयी हैं। मनुष्य की सोच बेहद संकुचित हो गयी है। सब कुछ पैसा, पैसा, पैसा। 'कबाड़ी' के माध्यम से समाज को यही संदेश दिया गया है। धरोहर पुरखों की निशानी होती है। वे पूर्वज, जिन्होंने हमको बहुत कुछ सौंपा है और हम उनकी बची हुई निशानियाँ भी नहीं सँभाल सकते हैं। 'कबाड़ी' में बाप-दादाओं की 'ख़रीदी हुई' और अब 'पड़ी हुई' पुस्तकों को वह व्यक्ति बेकार समझता है और उन्हें रद्दी के भाव बेच देना चाहता है। उसकी दृष्टि में इन पुस्तकों का वर्तमान में कोई मूल्य नहीं है। सच तो यह है कि पुस्तकों का मूल्य हमेशा रहता है जब तक कि पढ़ने वाले के अन्दर ललक होती है और जानने वाला कुछ जानना चाहता है। सात मिनट से भी कम समय की इस फिल्म में सीधा-सीधा सार्थक एवं पुष्ट संदेश दिया गया है। कबाड़ी, जिसके बाप-दादाओं का दिया हुआ तराज़ू आज भी सही-सलामत कार्य कर रहा है, वह नहीं बदलना चाहता और टोकने पर स्पष्ट कहता है कि नहीं, मैं इसे नहीं बदल सकता। कहीं न कहीं किताबें बेचने वाले को बहुत अन्दर तक झकझोर देता है और उसके भीतर गहरा क्षोभ उत्पन्न होता है। वह वास्तविकता से रूबरू होता है। अपनी विरासत कबाड़ के भाव बेचने से मना कर देता है। 

यह लघु फ़िल्म देखने वाले के मस्तिष्क पर सीधा असर करती है। इसे अवश्य देखना चाहिए। ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करना हम सबका दायित्व है। जयन्त फ़िल्म्स इन्टरटेनमेन्ट, फतेहपुर के बैनर तले बनी इस लघु फ़िल्म 'कबाड़ी' का निर्देशन युवा निर्देशक शिव सिंह सागर ने किया है। महेन्द्र सिंह यादव, प्रतिभा पाण्डेय, वसीक़ सनम, बेबी साहू के शानदार अभिनय से सजी इस लघु फ़िल्म के निर्माता जयन्त श्रीवास्तव हैं। लेखक सुरेश सौरभ की लिखी 'कबाड़ी' लघुकथा पर बनी इस लघु फ़िल्म की पटकथा शिव सिंह सागर एवं वसीक़ सनम की है। इसे अंजली स्टूडियो यूट्यूब चैनल पर इस लिंक [ https://youtu.be/omcjTSsRrRo] पर क्लिक करके देखा जा सकता है।

सम्पर्क: 
24/18, राधा नगर, फतेहपुर (उ.प्र.)
पिनकोड- 212601
वार्तासूत्र : 9839942005
ई-मेल : doctor_shailesh@rediffmail.com

No comments:

पढ़िये आज की रचना

चर्चा में झूठी-सुरेश सौरभ

(फिल्म समीक्षा)      एक मां के लिए उसका बेटा चाहे जैसा हो वह राजा बेटा ही होता है, बच्चे कच्ची मिट्टी की तरह होते हैं, जिन्हें हम अपने विचार...

सबसे ज्यादा जो पढ़े गये, आप भी पढ़ें.